पीपल के पत्ते पर मुख्यमंत्री की तस्वीर उकेर मधुरेंद्र ने मुख्यमंत्री  को दी जन्मदिन की  बधाई

पीपल के पत्ते पर मुख्यमंत्री की तस्वीर उकेर मधुरेंद्र ने मुख्यमंत्री  को दी जन्मदिन की  बधाई
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 58वें जन्मदिन के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड एवं लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनूठी कलाकारी के जरिए उन्हें खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

सोमवार को मधुरेंद्र ने पीपल के एक हरे पत्ते पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बेहद सूक्ष्म तस्वीर उकेरकर कला के माध्यम से अपनी बधाई और शुभकामना संदेश प्रस्तुत किया। उन्होने  करीब तीन घंटे के कठिन परिश्रम के बाद चाकू की नुकीली धार से पीपल के हरे पत्ते पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बारीक चित्र तैयार किया।

इस अनोखी कलाकृति में उन्होंने अंग्रेजी में ” हैप्पी बर्थडे सम्राट चौधरी, सीएम बिहार भी लिखा है। प्राकृतिक पत्ते पर इतनी बारीकी से बनाई गई यह तस्वीर उनकी सूक्ष्म कला और रचनात्मक प्रतिभा का एक अनूठा उदाहरण है। इस कलाकृति के माध्यम से मधुरेंद्र कुमार ने छठी मैया से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन की कामना की।

उन्होंने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित बिहार के सपने को साकार करने की दिशा में युवा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी निरंतर प्रयासरत हैं। उनके कुशल नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुए, यही उनकी कामना है। मधुरेंद्र ने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से अपनी कला प्रस्तुत करना उन्हें हमेशा से पसंद रहा है। पीपल के हरे पत्ते जैसे छोटे और नाजुक माध्यम पर किसी व्यक्तित्व की तस्वीर उकेरना काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इसके लिए धैर्य, एकाग्रता और हाथों पर बेहतरीन नियंत्रण की आवश्यकता होती है।

गौरतलब है कि हाल ही में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मधुरेंद्र कुमार ने पीपल के महज 2 सेंटीमीटर के हरे पत्ते पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते छठव्रतियों की अत्यंत सूक्ष्म तस्वीर बनाई थी। इस कलाकृति के माध्यम से उन्होंने छठी मैया से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की थी। उनकी इस अनूठी कलाकृति को लोगों ने खूब सराहा था और यह काफी चर्चा में रही थी।

मधुरेंद्र ने हाल के दिनों में अयोध्या दीपोत्सव 2026 के अवसर पर सरयू नदी तट स्थित रामकथा पार्क में 58 फीट लंबी विशाल राम दरबार एवं राम मंदिर की रेत कलाकृति तैयार की। इसके अलावा ब्रिक्स 2026 के अवसर पर भारत मंडपम, नई दिल्ली में अपनी बहुआयामी कला के जरिए विश्व शांति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का संदेश भी प्रस्तुत किया। वहीं, नवरात्रि के दौरान पीपल के हरे पत्ते पर मां दुर्गा की सूक्ष्म कलाकृति बनाकर महिला सम्मान और सुरक्षा का संदेश दिया था।

रेत, मिट्टी और प्राकृतिक पत्तों को अपनी कला का माध्यम बनाकर मधुरेंद्र कुमार लगातार सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों को कलाकृतियों के जरिए प्रस्तुत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर बनाई गई यह विशेष पत्ता कलाकृति भी उनकी इसी रचनात्मक सोंच और अनूठी कलात्मक शैली की एक और मिसाल है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page