Facebook WhatsApp

पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मौके पर पटना से लेकर भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गयाजी,पूर्वी चंपारण और दरभंगा सहित बिहार के सभी जिलो के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

चार दिवसीय इस महाअनुष्ठान के चौथे दिन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन हो गया।आज चौथे दिन उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया गया। राजधानी पटना समेत तमाम छठ घाटों पर लाखों की संख्या में छठ व्रतियों ने छठ पूजा की और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह जिले मुंगेर के तारापुर स्थित पैतृक गांव लखनपुर में सोमवार सुबह परिवार के साथ पारंपरिक विधि-विधान से उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर राज्य की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री रविवार देर रात पटना से सड़क मार्ग के जरिए लखनपुर पहुंचे थे। गांव के लोगों में मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खासा उत्साह देखने को मिला।मुख्यमंत्री ने अपने परिजनों के साथ लखनपुर उत्तर टोला स्थित छठ घाट पर पहुंचकर व्रतियों के साथ मिलकर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। महापर्व की इस पावन बेला पर पूरा वातावरण छठ के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री ने घाट पर मौजूद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर विधानसभा क्षेत्र के रणगांव में करीब सभी छठ घाटों का भ्रमण किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपने पटना स्थित आवास पर छठ पूजा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भगवान भास्कर और छठी मैया को नमन करता हूं। उन्हीं के आशीर्वाद से हम चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत को सफलतापूर्वक संपन्न कर पाए हैं, जिसमें कठोर अनुशासन और शारीरिक कष्ट सहने पड़ते हैं।

मैं अपने देश और बिहार के लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं कि छठी मैया की कृपा हम सभी पर बनी रहे, ताकि हम हर साल इसी ऊर्जा और शक्ति के साथ इस महान पर्व को मना सकें।

उन्होंने कहा कि आज बिहार से जो संदेश स्वच्छता, पवित्रता, शुचिता और अनुशासन का संदेश निकल रहा है, वह पूरे देश और दुनिया तक पहुंच रहा है। बिहार का यह महान पर्व दुनिया के सामने राज्य की परंपराओं और संस्कृति को प्रदर्शित कर रहा है। छठी मैया की जय हो; बिहार की संस्कृति की जय हो।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page