सिकरहना नदी छठ घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत ने झोंकी पूरी ताकत
सुगौली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सुगौली स्थित सिकरहना नदी छठ घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत की ओर से युद्धस्तर पर साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्य पार्षद प्रतिनिधि भाई अली हसन, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास शर्मा एवं नगर पंचायत के कर्मियों के साथ सिकरहना नदी स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाट पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
छठ घाट पर की जा रही तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को देखकर प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने उनकी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पंचायत पूरी तरह तत्पर है। प्रशासन एवं नगर पंचायत का प्रयास है कि छठ पूजा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।

