कलवार सेवा समिति ट्रस्ट ने छठव्रतियों के बीच सूप एवं पूजन सामग्री का किया वितरण
सुगौली। छठ महापर्व के पावन अवसर पर कलवार सेवा समिति ट्रस्ट, सुगौली की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठव्रतियों के बीच सूप एवं पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर राजा साह रामज्योती देवी विवाह भवन के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छठव्रतियों को सूप एवं पूजन सामग्री प्रदान की गई।
साथ ही छठव्रतियों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुगौली चैम्बर ऑफ कॉमर्स के संस्थापक अध्यक्ष अशोक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात उन्होंने सूप एवं पूजन सामग्री का विधिवत पूजन किया। इस अवसर पर छठव्रतियों द्वारा छठी मईया के मंगल गीत भी गाए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में कलवार सेवा समिति ट्रस्ट, सुगौली के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सचिव कुनाल कुमार, संरक्षक मिथिलेश कुमार, दुर्गा भास्कर, शंभू प्रसाद, विशाल कुमार, राज आर्यन, सत्यम कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में छठी मईया के जयकारों के साथ कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। समिति के इस सामाजिक एवं धार्मिक पहल की लोगों ने सराहना की।

