छठ घाटों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
-प्रशासन के गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने की अपील
मोतिहारी। आगामी आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने जिले के सभी नगर परिषद /नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से घाटों की साफ सफाई एवं अन्य जरूरी कार्य को लेकर सख्त निर्देश दिए।
जबकि नगर आयुक्त ,नगर निगम मोतिहारी आशीष कुमार समीक्षा बैठक में उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने छठ घाटों की युद्धस्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होने कहा कि सभी चिन्हित छठ घाटों की मुकम्मल सफाई सुनिश्चित की जाए। नदी, तालाब और पोखरों के पहुंच पथ (रास्तों) को पूरी तरह दुरुस्त और समतल कराये, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
गहरे पानी वाले खतरनाक घाटों को चिन्हित कर वहां लाल कपड़ा या संकेतक बोर्ड, नदी और बड़े तालाबों में पानी के भीतर मजबूत बैरीकेटिंग एवं घाटों पर गोताखोरों की टीम को मुस्तैद रखेंगे। इसके अतिरिक्त शाम और सुबह के अर्घ्य के समय पर्याप्त रोशनी के लिए घाटों और संपर्क मार्गों पर एलईडी लाइटें, हैलोजन और जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
सभी घाटों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल कैंप व एम्बुलेंस की तैनाती होनी चाहिए। कार्यपालक पदाधिकारियों स्वयं क्षेत्र में रहकर रोजाना सुबह-शाम घाटों का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट जिला मुख्यालय को सौंपेंगे।
जिलाधिकारी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे प्रशासन के द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का पालन करें और खतरनाक घोषित किए गए घाटों पर जाने से बचें, ताकि इस महापर्व को पूरी पवित्रता और सुरक्षा के साथ मनाया जा सके।

