डीएम -एसपी ने दलित बस्ती में मनायी दीपावली,बच्चो के बीच बांटी मिठाईयां
मोतिहारी। जिले में दीपावली के पावन अवसर पर जिला एवं पुलिस प्रशासन ने सराहनीय कार्य किया है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात महादलित बस्ती के बच्चों और परिवारों के बीच मिठाई, चॉकलेट,पटाखा और दीया का वितरण किया।
अचानक अपने बीच जिले के शीर्ष अधिकारियों को पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे थे। उक्त अवसर पर नगर आयुक्त आशीष कुमार, सदर एसडीओ अरुण कुमार सहित जिला प्रशासन के कई अन्य आला अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि दीपावली खुशियों एवं प्रकाश का त्योहार है, जिसे समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर मनाना चाहिए।
उन्होंने जिलेवासियों को जिलाप्रशासन की तरफ अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की और आपसी भाईचारा के साथ इस महा उत्सव को मनाने की अपील की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने भी जिलावासियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए त्योहार के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, पटाखे जलाते समय बच्चों की निगरानी,किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचित करने की बात कही।
अधिकारी द्वय के उक्त मानवीय पहल से बस्ती के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों में खासे उत्साह देखा गया।उन्होंने इस सहृदयता के लिए पूरे जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

