महापर्व छठ के अवसर पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरिः डीएम

महापर्व छठ के अवसर पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरिः डीएम
Facebook WhatsApp

-डीएम और एसपी ने बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन प्रबंधक को दिए  कई निर्देश

-भीड़ नियंत्रण के लिए बनेगा अस्थायी होल्डिंग एरिया; मोतिहारी पुलिस की ओर से यात्रियों के लिए मुफ्त नाइट बस सेवा 

मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से घर लौट रहे यात्रियों और छठव्रतियों की सुविधा तथा सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इस क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर स्टेशन मास्टर को कई आवश्यक निर्देश दिए। 

इस दौरान डीएम ने कहा कि छठ पर्व के अवसर पर स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ती है, फलस्वरूप उनकी सुविधा में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्टेशन मास्टर को निर्देशित करते हुए  कहा कि ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की सटीक जानकारी लगातार उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) प्रणाली के माध्यम से दी जाए, ताकि यात्रियों में किसी प्रकार का भ्रम न फैले।

इसके अलावा, यात्रियों के बैठने, पीने के पानी और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। त्यौहार के दौरान प्लेटफॉर्म पर अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेल प्रशासन और जिला प्रशासन के सहयोग से बापूधाम स्टेशन परिसर में एक अस्थायी होल्डिंग एरिया (यात्री सुविधा केंद्र) का निर्माण किया जाएगा। डीएम ने इस कार्य को शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले सुरक्षित और आरामदायक स्थान पर रोका जा सके, जिससे असुविधा जैसी स्थिति न बने।

यात्रियों की अतिरिक्त सुरक्षा के मद्देनजर मोतिहारी पुलिस की ओर से एक विशेष पहल की गई है। इसके तहत रात में ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को नशाखुरानी, झपटमारी और असामाजिक तत्वों से बचाने के लिए मुफ्त नाइट बस सेवा शुरू की गई है।

यह बस सेवा रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्मो के बाहर उपलब्ध रहेगी, ताकि लोग सुरक्षित अपने घरों तक पहुंच सकें। स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस  को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया।

अलबत्ता सादे लिबास में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त  आशीष कुमार, सहायक समाहर्ता  राजकृष्ण झा,अनुमंडल पदाधिकारी सदर मोतिहारी  अरुण कुमार, स्टेशन अधीक्षक सहित रेलवे के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page