ट्रक की चपेट में आने से नौवीं की छात्रा की मौत, सड़क जाम
कल्याणपुर। केसरिया–चकिया मुख्य सड़क पर भाग्यनगर मोड़ के समीप शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छात्रा काजल कुमारी 16 की दर्दनाक मौत हो गई।
पकड़ी दीक्षित पंचायत के कैथवलिया निवासी बिगन राम की पुत्री सुबह साइकिल से कोचिंग करने चैनपुर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक का चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा होने लगी।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे व सड़क सुरक्षा को लेकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से सड़क के दोनों तरफ गाडियों की लंबी कतारें लग गई। करीब 1घंटा तक जाम रहा । थानाध्यक्ष व स्थानीय जनप्रतिनिधियो की पहल पर जाम समाप्त कराया गया।
थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से ट्रक को अपने कब्जे में ले ली है। मृत छात्रा चार बहनों में बड़ी थी। वह नौवीं कक्षा में पढ़ रही थी। पिता बाहर रहकर गाड़ी चलाते हैं। छात्रा की मौत से परिवार में मातम छा गया।

