नगर निगम के चतुर्थवर्गीय कर्मियों को वर्दी खरीदने के लिए मिलेंगे 7 हजार प्रति कर्मी
मोतिहारी। नगर निगम मोतिहारी के सभी चतुर्थवर्गीय कर्मियों के हित में महापौर प्रीति कुमारी की अनुशंसा पर इस वर्ष भी प्रत्येक कर्मी को वर्दी खरीदने हेतु 7 सात हजार रुपये की राशि नगर निगम कोष से उपलब्ध कराई जा रही है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम के चतुर्थवर्गीय कर्मचारी शहर की साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य दैनिक कार्यों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में इन कर्मियों का योगदान सराहनीय है। ऐसे में उनके कार्यों को ध्यान में रखते हुए प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वर्दी खरीदने के लिए प्रति कर्मी ₹7,000 की राशि उपलब्ध कराने की अनुशंसा की गई है, ताकि सभी कर्मी निर्धारित वर्दी में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि नगर निगम के सभी चतुर्थवर्गीय कर्मियों के लिए निर्धारित वर्दी पहनकर ही कार्य करना अनिवार्य होगा। कार्य के दौरान बिना वर्दी पहने पाए जाने वाले कर्मियों की देय राशि में से नियमानुसार कटौती की जाएगी। इसका उद्देश्य नगर निगम के कार्यों में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ कर्मियों की एकरूप पहचान सुनिश्चित करना है।
महापौर की अनुशंसा पर लिए गए इस निर्णय के प्रभावी अनुपालन एवं सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए नगर आयुक्त आशीष कुमार को अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम मोतिहारी द्वारा अपने कर्मियों के हितों का ध्यान रखते हुए उनके कार्यों को बेहतर बनाने, कार्यस्थल पर अनुशासन कायम रखने तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में यह पहल की जा रही है।

