किसानों को खाद बीज सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराएंः डीएम
-जिला स्तरीय कृषि टॉस्क फोर्स की बैठक
मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय कृषि टॉस्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में कृषि एवं समबद्ध विभागों में चल रही योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। वहीं रबी सीजन के विभिन्न फसलों के आच्छादन के लक्ष्य पर चर्चा की गई।
रबी 2025-26 में विभिन्न योजनाओं अंतर्गत प्राप्त लक्ष्य, बीज की आवश्यकता, प्राप्त बीज एवं वितरण के संबंध में पृच्छा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी मृणाल शास्त्री ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत अनुदानित दर पर मटर बीज, राष्ट्रीय खाद्य तेल-तेलहन मिशन योजना अंतर्गत राई/सरसो प्रत्यक्षण, अनुदानित दर पर राई/सरसो का बीज प्राप्त हुआ है।
दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन योजना अंतर्गत अनुदानित दर पर मसूर मिनिकीट मूसर एवं राज्य योजना अंतर्गत त्रिफसलीय सरसो प्रत्यक्षण एवं प्रमाणित सरसो बीज वितरण का बीज जिला को प्राप्त हो गया है। जिलाधिकारी ने निदेशित किया कि ससमय सभी प्राप्त बीज को किसानों के बीच वितरण पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि किसान ससमय बुआई कर सकें।
वहीं उर्वरक विषय पर समीक्षा के दौरान निदेशित किया कि जिले में उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक एवं भौतिक रूप से उपलब्ध उर्वरक का नियमित रूप से जांच कराना सुनिश्चित करें तथा उर्वरक आपूर्ति उपरांत कृषि समन्वयक भौतिक जांच भी कराना सुनिश्चित करेंगे ताकि किसानों को सुगमतापूर्वक ससमय उर्वरक की प्राप्ति हो सके।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में उर्वरक की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है। फलस्वरूप जिला पदाधिकारी ने निदेशित किया कि नियमित रूप से उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण सुनिश्चित किया जाये। एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत किसानों के फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में निदेशित किया कि शत्-प्रतिशत किसानों का फार्मर आईडी जेनरेट करना सुनिश्चित करें।
जबकि प्राकृतिक खेती योजना एवं परम्परागत कृषि विकास योजना की विस्तृत समीक्षोपरांत निदेशित किया कि राज्य स्तर से प्राप्त लक्ष्य को ससमय शत्-प्रतिशत उपलब्धि पूर्ण किया जाये।
इस अवसर पर मिट्टी जांच प्रयोगशाला, कृषि अभियंत्रण से सबंधित योजना, उद्यान से संबंधित योजना, पौधा संरक्षण विभाग से संबंधित योजना तथा मत्स्य विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी मृणाल शास्त्री, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी के प्रतिनिधि, जिला उद्यान पदाधिकारी, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, सहायक निदेशक बीज विश्लेषण, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सहित अन्य मौजूद थे।

