Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। जकार्ता और हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में तीन स्वर्ण पदक जीतने वाले पैरा एथलीट नीरज यादव (42) की मंगलवार रात दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास अपनी स्कार्पियो-एन गाड़ी के नजदीक अचेत अवस्था में मिले थे।

उनकी महिला मित्र उन्हें गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खाया था। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल के अनुसार, नीरज की पिछले कुछ समय से एक युवती से दोस्ती थी। मंगलवार को युवती ने उनसे संबंध खत्म करने की बात कही थी। पुलिस इस घटनाक्रम को मौत से जोड़कर जांच कर रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पुलिस के मुताबिक, युवती मंगलवार सुबह सोनीपत स्थित नीरज के पास पहुंची थी। वहां उसने संबंध खत्म करने की बात कही। नीरज ने उसे मनाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में अपनी स्कार्पियो-एन में बैठाकर दिल्ली ले आए। उन्होंने युवती को मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास छोड़ दिया। रात करीब नौ बजे युवती ने नीरज को फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई।

इसके बाद वह मेट्रो स्टेशन के नीचे पहुंची तो नीरज गाड़ी के पास अचेत अवस्था में मिले। वह उन्हें अस्पताल ले गईं, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर जाफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।पुलिस ने नीरज की स्कार्पियो-एन, उनके मोबाइल फोन और महिला मित्र का मोबाइल फोन कब्जे में लिया है। गाड़ी की जांच के दौरान उसमें जहरीला पदार्थ मिलने की बात सामने आई है।

क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। नीरज के परिवार के सदस्यों के बयान लेने के लिए पुलिस की एक टीम सोनीपत भेजने की तैयारी कर रही है। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि मूल रूप से गाजियाबाद निवासी नीरज यादव सोनीपत में अंशनीर स्पोर्ट्स अकादमी चलाते थे। वर्ष 2018 में उनकी शादी शोभा यादव से हुई थी। पारिवारिक अनबन के कारण पत्नी और मां दिल्ली में रहती थीं, जबकि नीरज सोनीपत में अलग रहते थे। सात वर्ष की उम्र में पोलियो के कारण वह व्हीलचेयर पर आ गए थे। वर्ष 2015 में पैरा एथलेटिक्स शुरू करने के बाद उन्होंने 2018 के जकार्ता और 2023 के हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में भाला फेंक और चक्का फेंक में कुल तीन स्वर्ण पदक जीते थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page