जेएनयू की 11 छात्राओं की शिकायतों पर भाजपा महिला मोर्चा ने राष्ट्रीय महिला आयोग से की कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की 11 छात्राओं की ओर से कथित दुर्व्यवहार और यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के मामले में कांग्रेस सांसद और जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में भाजपा ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर को पत्र सौंपा है।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने बुधवार को बताया कि उन्होंने पार्टी की पांच महिला सांसदों और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से मामले का संज्ञान लेने और छात्राओं की शिकायतों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
चौधरी ने कहा कि जेएनयू की 11 छात्राओं ने साहस दिखाते हुए डॉ. बिमोल अकोइजाम के खिलाफ लिखित शिकायतें दर्ज कराई थीं। उनके अनुसार, विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने जांच के बाद शिकायतों को सही पाया और संबंधित प्रोफेसर को विश्वविद्यालय से बर्खास्त कर दिया गया।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों और विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति की जांच के निष्कर्षों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग से इस मामले में हस्तक्षेप करने और उचित कदम उठाने की अपील की।
चौधरी ने इस मामले को लेकर कांग्रेस और उसके नेताओं की प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर और वर्तमान कांग्रेस सांसद से जुड़ा यह मामला सामने आने के बावजूद कांग्रेस के नेताओं ने अब तक इस पर कुछ नहीं कहा है।
भाजपा की ओर से मांग की गई है कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से आग्रह किया है कि वह अपने अधिकार क्षेत्र के तहत मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाए।

