पटना से गुजरात के लिए रवाना हुआ राष्ट्रीय एकता मोटरसाइकिल रैली,सीएम सम्राट ने दिखाई हरी झंडी
राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश लेकर बिहार का मोटरसाइकिल दल बुधवार को गुजरात हुआ रवाना
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के निकट बने मंच से राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।पटना से शुरू हुई यह रैली उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश होते हुए गुजरात पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का उद्देश्य देशवासियों के बीच राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
रैली में बिहार मोटरसाइकिल दल की भागीदारी को राज्य के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।रैली विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए राष्ट्रीय एकता के विचार को जन-जन तक पहुंचाएगी। इसके जरिए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ ही आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने एक्स पर इसकी तस्वीर साझा की है। इसमें लिखा है कि, पटना से गुजरात तक जाने वाली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में बिहार दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को सशक्त करने का संदेश देगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

