उत्तराखंड में चारधाम यात्रा ने तोड़ा 2023 का रिकॉर्ड, 56.18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा ने तोड़ा 2023 का रिकॉर्ड, 56.18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
Facebook WhatsApp

देहरादून। उत्तराखंड में इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यात्रा में अब तक 56,18,497 से अधिक श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज सर्वाधिक श्रद्धालुओं के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है।राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को जारी जानकारी के अनुसार, इस वर्ष केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। सरकार का कहना है कि चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या उत्तराखंड में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है।

यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और आवास जैसी सुविधाओं के साथ ही आपदा प्रबंधन पर भी ध्यान दिया गया है। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय के जरिए यात्रा संचालन की व्यवस्था की गई है।सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास और कनेक्टिविटी में सुधार से तीर्थयात्रियों को सुविधाएं मिली हैं। इन प्रयासों के चलते चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में भी लगातार वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है और सरकार का प्रयास है कि उसकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना राज्य में विकसित की जा रही यात्री सुविधाओं और तीर्थयात्रियों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े कार्मिकों के प्रयासों की सराहना की।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page