एआरएल से निखरेगा बच्चों का शैक्षणिक स्तर, एचएम को मिला प्रशिक्षण
-कमजोर बच्चों के लिए विद्यालयों में लगेंगी विशेष कक्षाएं
चिरैया। प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (जगन्नाथ उच्च माध्यमिक विद्यालय चिरैया) परिसर में सोमवार को प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें प्रखंड के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान ( एफ एल एन) के तहत टीचिंग एट द राइट लेवल (टी. ए.आर.एल) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि कक्षा एक से आठ तक के ऐसे बच्चों को चिह्नित किया जाएगा, जो पढ़ने, लिखने एवं गणितीय समझ के स्तर पर पीछे हैं। इन बच्चों के लिए विद्यालय स्तर पर विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी। प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों के सीखने के स्तर के अनुरूप शिक्षण कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करेंगे। मास्टर ट्रेनर कार्तिक कुमार, अबुल कासिम, कृष्ण प्रताप एवं विशाल कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा, शिक्षण पद्धति और क्रियान्वयन की प्रक्रिया समझाया। इस दौरान प्रधानाध्यापकों के सवालों का भी समाधान किया गया।

