एवीएस कर्मियों की सूची तैयार कर जिला कार्यालय भेजने की मांग तेज, बीडीओ को सौंपा मांग पत्र
मोतिहारी। हरसिद्धि प्रखंड परिसर में सोमवार को एवीएस (प्रखंड सांख्यिकी स्वयंसेवक) कर्मियों ने प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार राय को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एवीएस कर्मियों ने विभागीय निर्देश के आलोक में प्रखंड स्तर पर कर्मियों की सूची तैयार कर जिला कार्यालय भेजने की मांग की।
संघ प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने बताया कि बिहार सरकार के अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, योजना एवं विकास विभाग के निर्देश के बाद हरसिद्धि प्रखंड में सांख्यिकी स्वयंसेवकों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी के आदेश के आलोक में द्वितीय पत्र दिनांक 22 सितंबर 2026, ज्ञापन संख्या 701 के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सूची जिला कार्यालय भेजने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एवीएस कर्मी प्रतिदिन प्रखंड कार्यालय में उपस्थित होकर सूची तैयार करने और उसे जिला कार्यालय भेजने की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग कर रहे हैं। एवीएस कर्मियों ने बीडीओ से जल्द से जल्द सूची तैयार कर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार यादव सहित 67 एवीएस कर्मी उपस्थित थे। मौके पर प्रियरंजन कुमार, सतीश कुमार, मनोज कुमार, रवि राजकुमार, अनिल प्रसाद, रजनीकांत कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।

