तुरकौलिया में 17 अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी, 8 अक्टूबर तक हटाना होगा कब्जा
-पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अतिक्रमण का मामला, -सीओ प्रभात कुमार ने जारी किया नोटिस
समय सीमा के बाद पुलिस बल की मौजूदगी में चलेगा बुलडोजर
मोतिहारीे। तुरकौलिया चौक के समीप पीडब्ल्यूडी की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अंचल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अंचल अधिकारी प्रभात कुमार ने 17 अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी नोटिस जारी करते हुए 8 अक्टूबर 2026 तक कब्जा हटाने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर कब्जा हटाने की कार्रवाई करेगा।
यह मामला खाता संख्या 597 और खेसरा संख्या 1351 की जमीन से जुड़ा है। अंचल प्रशासन के अनुसार, संबंधित अतिक्रमणकारियों को पहले भी दो बार नोटिस देकर सरकारी जमीन से कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया। लिहाजा प्रशासन अंतिम चेतावनी देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि इस बार आदेश की अनदेखी वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अंतिम चेतावनी नोटिस पाने वालों में छोटेलाल प्रसाद, धर्मेंद्र साह, अरशद आलम, लखन प्रसाद, प्रमोद कुमार, नीरज कुमार, शंकर प्रसाद, सुमित्रा देवी, ब्रज प्रसाद, ओमप्रकाश साह, रामाधार सिंह, झालो कुंवर, वैद्यनाथ प्रसाद, शिवजी प्रसाद, मुकेश कुमार और हरेंद्र सिंह शामिल हैं। जाने कि सीओ प्रभात कुमार ने सभी संबंधित लोगों को 8 अक्टूबर तक अतिक्रमण हटाकर इसकी सूचना अंचल कार्यालय को देने का निर्देश दिया है।
-पहले भी चल चुका है बुलडोजर
उल्लेखनीय है कि करीब तीन माह पूर्व अंचल प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान डॉ. डी. आलम के आलीशान मकान पर बुलडोजर चलाया था। उस कार्रवाई के बाद सरकारी जमीन पर किए गए अन्य अतिक्रमण को लेकर भी चर्चा तेज हुई थी। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठता रहा है कि क्या प्रशासन सभी अतिक्रमणकारियों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई करेगा। अब 17 लोगों को अंतिम नोटिस जारी होने के बाद सबकी निगाहें 8 अक्टूबर की समय सीमा पर टिकी हैं।

