संकट की इस घड़ी में प्रभावित पीड़ित लोगों तक पहुंचायी जा रही राहत सामग्रीः शालिनी मिश्रा
संग्रामपुर।बाढ़ प्रभावित भवानीपुर मलाही टोला में सोमवार को मेडिकल कैंप लगाकर बाढ़ पीड़ितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित कीं। कैंप में पहुंचीं केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा ने बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अरेराज एसडीएम सुजीत कुमार से कहा कि बाढ़ राहत के तहत मिलने वाली अनुग्रह अनुदान से वंचित पीड़ित परिवारों की जांच कर जल्द से जल्द उनका नाम सूची में जोड़ा जाए, ताकि उन्हें सरकारी सहायता का लाभ मिल सके।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राशन वितरण कार्य भी समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है। फलस्वरूप हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बाढ़ के बाद संक्रमण की आशंका को देखते हुए प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया गया।
मेडिकल कैंप में प्रभारी चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार कंचन, आरबीएसके चिकित्सक डॉ. रणजीत कुमार तिवारी, जितेंद्र शर्मा सहित स्वास्थ्य टीम मौजूद रही। मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि नितेश कुमार, बीडीओ मुकेश कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार पासवान, सीओ सुमित राज, अजीत सिंह, श्रीभगवान गिरी, पिंटू सिंह, चंदन सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

