भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को दी गई श्रद्धांजलि सहित पूर्वी चंपारण की अन्य खबरे
मोतिहारी। पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने चरखा पार्क में उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का प्रसिद्ध आह्वान “जय जवान, जय किसान” आज भी देश के जवानों और किसानों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान की प्रेरणा देता है।
सांसद राधा मोहन सिंह ने किया पुस्तक मेला का उद्घाटन
मोतिहारी। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में “विचार क्रांति अभियान–शांतिकुंज, हरिद्वार” के तहत नगर भवन परिसर, मोतिहारी में आयोजित पुस्तक मेला का उद्घाटन सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सांसद श्री सिंह ने कहा कि पुस्तकों के माध्यम से समाज में सकारात्मक विचारों का प्रसार होता है। ज्ञान, संस्कार और सद्विचारों से समृद्ध समाज के निर्माण में पुस्तकें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में सांसद श्री सिंह ने पुस्तक मेला में प्रदर्शित साहित्य का अवलोकन किया तथा आयोजन की सराहना की।अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित यह पुस्तक मेला 02 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक नगर भवन परिसर, मोतिहारी में चलेगा। मेले में विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों एवं साहित्य का प्रदर्शन एवं उपलब्धता रहेगी। आयोजन का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं में अध्ययन, चिंतन और सकारात्मक विचारों के प्रति रुचि विकसित करना है।जानकारी गुलरेज शहजाद जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा, मोतिहारी ने दी है।
बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत सामग्री से लदे वाहन रवाना
मोतिहारी।केसरिया विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने गांधी ऑडिटोरियम, मोतिहारी से राहत सामग्री से लदे वाहनों को रवाना किया।

उन्होंने कहा कि केसरिया विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राहत सामग्री के माध्यम से तत्काल जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है तथा संबंधित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अंगदान मानवता के प्रति महत्वपूर्ण योगदान:सिंह
मोतिहारी।सेवा संकल्प अभियान -‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत सदर अस्पताल में अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि अंगदान मानवता की सेवा का एक महान माध्यम है। हमारी भारतीय संस्कृति में ‘सेवा परमो धर्मः’ की भावना सदैव रही है। किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने और उसे नई उम्मीद देने की भावना से किया गया अंगदान मानवता के प्रति एक महत्वपूर्ण योगदान है।
एथलेटिक्स में शानदार मुकाबले, वॉलीबॉल में विजेता टीमों का निर्धारण; तकनीकी टीम के बेहतर समन्वय से प्रतियोगिताओं का सफल संचालन
मोतिहारी। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन, शुक्रवार को भी जिले के विभिन्न खेल मैदानों पर खिलाड़ियों का उत्साह और खेल प्रतिभा देखने को मिली। जिला खेल पदाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षक, संबंधित खेल संघ और तकनीकी पदाधिकारी आपसी समन्वय से प्रतियोगिता का संचालन कर रहे है। एथलेटिक्स की 100 मीटर बालक वर्ग में अमित कुमार ने प्रथम, अतुल कुमार ने द्वितीय तथा सेवेल राजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर में मनीष कुमार प्रथम, रोहित कुमार द्वितीय और करण कुमार तृतीय रहे।

जबकि 400 मीटर में अतुल कुमार प्रथम, तनिश कुमार द्वितीय तथा दानिश हाशमी तृतीय रहे। 800 मीटर में पवन कुमार प्रथम, लक्ष्मी राम द्वितीय और अमन कुमार तृतीय स्थान पर रहे।1500 मीटर में अतुल कुमार प्रथम, शेख इरफान द्वितीय तथा राहुल कुमार तृतीय रहे। 3000 मीटर में अतुल कुमार ने प्रथम, आलोक कुमार ने द्वितीय तथा रोशन कुमार तृतीय स्थान प्राप्त किया।

फील्ड इवेंट में गोला प्रक्षेपण में राजीव कुमार प्रथम, इकरामुल हक द्वितीय और तौसीफ राजा तृतीय रहे। चक्र प्रक्षेपण में राजीव कुमार प्रथम, अस्मित कुमार द्वितीय तथा इकरामुल हक तृतीय स्थान पर रहे। भाला प्रक्षेपण में करण कुमार प्रथम, तौफीक राजा द्वितीय तथा मयंक कुमार तृतीय रहे। लंबी कूद में छोटू कुमार प्रथम, नीरज कुमार द्वितीय तथा इस्लाम आलम तृतीय रहे। ऊंची कूद में नीरज कुमार प्रथम, निशांत राज द्वितीय तथा अभिषेक कुमार तृतीय रहे। 4×100 मीटर रिले में केसरिया स्कूल ने प्रथम, हाई स्कूल तेनुआ ने द्वितीय तथा हरपुर आदमपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में विद्यापीठ पब्लिक स्कूल, पदम खेर विजेता तथा कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल, मोतिहारी उपविजेता रहा।
अंडर-17 बालक वर्ग में जीवन इंटरनेशनल स्कूल, मोतिहारी विजेता तथा राइजिंग स्टार स्कूल, मोतिहारी उपविजेता रहा।
अंडर-19 बालक वर्ग में रोशनी पब्लिक स्कूल, तुरकौलिया विजेता तथा जीवन इंटरनेशनल स्कूल, मोतिहारी उप विजेता रहा।
बालिका वर्ग के अंडर-14 में राइजिंग स्टार स्कूल, मोतिहारी विजेता रहा। अंडर-17 बालिका वर्ग में कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, मोतिहारी को वॉकओवर मिलने के बाद फाइनल में प्रवेश मिला। वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला सचिव सह संयोजक, वॉलीबॉल, सचिन कुमार के साथ विजय शंकर राय, पिंकू सिंह, विकास कुमार एवं अनमोल ने तकनीकी पदाधिकारी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अखबार विक्रेताओं एवं रिक्शा चालकों का सम्मान
मोतिहारी। गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में चरखा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने अखबार विक्रेताओं (भेंडरों) एवं रिक्शा चालकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अखबार विक्रेता सुबह-सुबह लोगों तक देश-दुनिया की खबरें पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं, वहीं रिक्शा चालक अपने परिश्रम से आम नागरिकों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराते हैं।

महादलित बस्ती में विधायक ने किया सहभोज का आयोजन
हरसिद्धि उज्जैन लोहियार पंचायत के मंगांव गांव स्थित महादलित बस्ती में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा पखवाड़ा के तहत सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय विधायक कृष्णानंद पासवान की ओर से नरेश मांझी के दरवाजे पर किया गया। विधायक कृष्णानंद पासवान ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच सेवा, समरसता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। इसी भावना के तहत महादलित बस्ती में सामूहिक सहभोज का आयोजन किया गया।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उज्जैन लोहियार पंचायत के मंगांव गांव की महादलित बस्ती में सहभोज का आयोजन किया गया।सहभोज में बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा शामिल हुए।
मौके पर भाजपा नेता दीपक शर्मा, राजकिशोर कुशवाहा, रामबाबू पटेल, मुकेश दास, मंडल अध्यक्ष हरेंद्र कुशवाहा, महेंद्र साहनी, जवाहरलाल प्रसाद सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

