पोखर में नहाने गई दो सगी बहनों समेत चार बच्चियों की मौत

पोखर में नहाने गई दो सगी बहनों समेत चार बच्चियों की मौत
Facebook WhatsApp

पहाड़पुर। जिउतिया पर्व को लेकर स्नान की तैयारी के बीच शुक्रवार की सुबह पहाड़पुर थाना क्षेत्र के इनरवाभार पंचायत के वार्ड संख्या-07 स्थित बनकट गांव के समीप अवस्थित पोखर में दर्दनाक हादसा हो गया।

नहाने गई पांच बच्चियों में से चार गहरे पानी में डूब गईं। हादसे में दो सगी बहनों समेत चार बच्चियों की मौत हो गई। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पांच बच्चियां गांव के समीप स्थित पोखर में नहाने गई थीं। इसी दौरान चार बच्चियां गहरे पानी में चली गई और डूबने लगीं। बाहर मौजूद एक बच्ची ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।

सूचना मिलते ही परिजन पोखर पर पहुंचे और चारों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला।पुलिस एवं परिजनों के सहयोग से सभी को पहाड़पुर सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रमोद महतो की पुत्री सोनामती (10) व फूलमती (10), वीरेंद्र महतो की पुत्री कृति कुमारी (10) तथा अच्छेलाल पासवान की पुत्री प्रतिभा कुमारी (6) के रूप में हुई है।

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहाड़पुर सीएचसी पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

दूसरी ओर घटना की सूचना पर गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी के प्रतिनिधि अनुज रतन तिवारी सीएचसी पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। वहीं बीडीओ अखिलेश कुमार एवं सीओ रामसेवक पासवान भी सीएचसी पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को नियमानुसार सरकारी सहायता एवं लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। जिउतिया पर्व की तैयारी के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page