हरसिद्धि घोघराहा बैरिया उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय के हेडमास्टर सहित चार निलंबित
मोतिहारी। हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय घोघराहा बैरिया में वित्तीय अनियमितता, कर्तव्यहीनता और मनमानेपन के आरोप में चार शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि के निर्देश पर जारी कार्रवाई में वर्तमान प्रधानाध्यापक मुनीलाल राय, पूर्व प्रधानाध्यापक विकास चंद्र, शिक्षक मिथिलेश कुमार झा और दयानंद सिंह शामिल हैं। हालांकि निलंबन पत्र जारी होने के कुछ ही घंटे बाद नियोजित शिक्षक दयानंद सिंह का निलंबन वापस ले लिया गया। उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित नियोजन इकाई को पत्र भेजा गया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधानाध्यापक विकास चंद्र और शिक्षक दयानंद सिंह पर वित्तीय अनियमितता एवं गबन से जुड़े आरोपों की जांच कराई गई थी। जांच टीम द्वारा विद्यालय के अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन दोनों शिक्षक जांच टीम के समक्ष संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद दोनों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों के सत्य होने की आशंका को लेकर विभाग ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। वर्तमान प्रधानाध्यापक मुनीलाल राय और शिक्षक मिथिलेश कुमार झा पर विद्यालय में गाली-गलौज करने, शैक्षणिक वातावरण खराब करने, गुटबाजी सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं। मामले में प्रमंडलीय आयुक्त के आदेश के आलोक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा दोनों को निलंबित किया गया है। वहीं मुनीलाल राय का मुख्यालय बीआरसी संग्रामपुर तथा मिथिलेश कुमार झा का मुख्यालय बीआरसी पहाड़पुर निर्धारित किया गया है। विभागीय स्तर पर दोनों को निर्धारित मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

