विशेष ग्रामसभा में बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प
हरसिद्धि। पानापुर रंजीता ग्राम पंचायत में गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। पंचायत भवन परिसर में आयोजित ग्रामसभा में बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने का संकल्प प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
अध्यक्षता मुखिया दशरथ सिंह ने की, जबकि संचालन पंचायत सचिव अनिल कुमार ने किया। इस अवसर पर पीपुल्स प्लान कैंपेन 2026-27 और रिफॉर्म उत्सव के साथ बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन को लेकर चर्चा की गई। ग्राम नियोजन केंद्र के सदस्य अमित कुमार एवं सुनील कुमार की पहल पर बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने का संकल्प प्रस्ताव रखा गया, जिसे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से पारित किया।
संकल्प के तहत पंचायत में बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। ग्रामसभा में पंचायत कर्मी, जनप्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, ब्लॉक समन्वयक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।

