मोबाइल झपटमारी गिरोह का खुलासा, तीन नाबालिग निरुद्ध
डुमरियाघाट। नेशनल हाईवे व स्टेट हाईवे पर राहगीरों से मोबाइल झपटमारी की घटनाओं के बीच डुमरियाघाट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया। उनके पास से वादी ताहिर हुसैन का छीना गया मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
बताया गया कि 30 सितंबर की रात केसरिया से घर लौट रहे सरोतर निवासी ताहिर हुसैन से दो बाइक पर सवार छह अज्ञात अपराधकर्मियों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया था। मामले में थाना कांड संख्या 297/26 दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष ने बताया की पूछताछ में पूर्व में छीने गए आठ अन्य मोबाइल एक स्थानीय दुकानदार को बेचनें की बात सामने आई है। पुलिस दुकानदार के ठिकाने पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। मामले में शेष तीन अपराधियों की गिरफ्तारी, दूसरी बाइक की बरामदगी और फरार दुकानदार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

