गडकरी और सम्राट ने की बिहार की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

गडकरी और सम्राट ने की बिहार की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
Facebook WhatsApp

पटना। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई बैठक में गडकरी ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

गडकरी ने कहा कि सड़क परियोजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं करने वाले संवेदकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।

बैठक में पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे, मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेनिंग, डुमरिया घाट पुल, दरभंगा-सुपौल हाई-वे, खगड़िया-पूर्णिया, मुजफ्फरपुर- सोनबर्षा, एनएच-22 और एनएच-31 के अनीसाबाद-दीदारगंज खंड में सर्विस रोड के साथ 6 लेन एलिवेटेड रोड, दानापुर-बिहटा कॉरिडोर, बिहटा कोइलवर अपग्रेडेशन, 6 लेन ग्रिनफिल्ड वाराणसी-रांची-कोलकाता हाइवे, आमस-दरभंगा, मुंगेर मिर्जाचौकी, बाकरपुर-मानिकपुर साहेबगंज कॉरिडोर, सीवान मशरख, पटना-आरा-सासाराम फोरलेन कॉरिडोर, सिक्स लेन गंगा ब्रिज, पटना रिंग रोड सहित प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई और अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।गडकरी ने अधिकारियों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में औरंगाबाद एवं अंबा बाईपास के साथ एनएच-139 को फोरलेन करने तथा एनएच-333 के बरियारपुर-गंगटा जमुई को फोरलेन करने के लिए डीपीआर तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।

केंद्रीय मंत्री ने सड़क निर्माण में नदी की गाद (सिल्ट) के उपयोग को लेकर बिहार सरकार की नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार की यह पहल पूरे देश के लिए मॉडल बन सकती है। इससे उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और सड़क निर्माण को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने पर संबंधित क्षेत्रों में सड़क संपर्क, आवागमन एवं आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। बिहार सरकार राज्य में आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य में आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार, पर्यटन, उद्योग और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा इनके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।उन्होंने बिहार में केन्द्र सरकार की परियोजनाओं को तीव्र गति से पूरा कराने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह सहित केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page