रक्सौल पुलिस ने तेज किया जांच अभियान
रक्सौल। आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए रक्सौल पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाया।
इस दौरान बाटा चौक, कोइरिया टोला और कौड़ीहार चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की। अभियान के दौरान पुलिस ने अनावश्यक रूप से सड़कों पर घूमने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ ही शहर में सुरक्षा का माहौल कायम करना है।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संभावित आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए लगातार जांच और गश्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रात्रि गश्ती और विशेष जांच अभियान भी लगातार जारी रहेगा।
इस अभियान में एसआई विकास कुमार पासवान, जेबा प्रवीन, अजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

