मोकामा में जनसुराज समर्थक की गोली मार कर हत्या

मोकामा में जनसुराज समर्थक की गोली मार कर हत्या
Facebook WhatsApp

पटना। मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बसावन चक गांव में गुरुवार की शाम जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के प्रचार के दौरान जनसुराज के समर्थक दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई।बताया गया कि जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव अपने समर्थकों के साथ गांव में प्रचार कर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी।

गोली लगने के बाद हमलावरों ने उन्हें अपनी गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी गाड़ी पर भी गोलियों के कई निशान मिले हैं।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। भारी भीड़ जुटने के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पटना एएसपी, डीएसपी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची है।

तनाव पूर्ण स्थिति के मद्देनजर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक के स्वजनों ने इस हत्या के लिए जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह को जिम्मेदार ठहराया है।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गाड़ी से कुचलने से मौत हुई है। पैर में गोली लगने के निशान भी मिले हैं। एसएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।

आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि मौके पर एएसपी को भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। बता दें कि मोकामा विधानसभा सीट से अनंत सिंह जदयू की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।जबकि पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी पूर्व सांसद वीणा देवी राजद की उम्मीदवार है।
इस पूरे मामले पर मोकामा से जदयू के प्रत्याशी अनंत कुमार सिंह ने बताया कि बसावनचक गांव के पास दोनों उम्मीदवारों के काफिले का आमना-सामना हुआ था। इस दौरान जन सुराज पार्टी कार्यकर्त्ताओं से मौखिक झड़प हुई।अनंत सिंह का आरोप है कि उनकी गाड़ी जब बसावनचक गांव से निकल गई तब जनसुराज के समर्थकों ने उनके अन्य समर्थकों की दस गाड़ियों पर रोड़ेबाजी कर दी। रोड़बाजी होते ही मौके पर भगदड़ मच गई।

दूसरी ओर, दुलारचंद यादव की मौत पर अनंत कुमार सिंह ने अनभिज्ञता जाहिर की। अनंत सिंह ने अपने वाहनों पर रोड़ेबाजी के लिये सूरजभान सिंह को जिम्मेवार ठहराया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page