पोती को करंट से बचाने दौड़े दादा की नंगे तार की चपेट में आने से हुई मौत

पोती को करंट से बचाने दौड़े दादा की नंगे तार की चपेट में आने से हुई मौत
Facebook WhatsApp

पोती को बचाने में रहे सफल, खुद गंवा दी जान; परिवार में मचा कोहराम

चिरैया। थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में पोती को करंट से बचाने की कोशिश कर रहे दादा की बिजली के नंगे तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रघुनाथपुर गांव निवासी स्व. लखन सिंह के 65 वर्षीय पुत्र सुरेश सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, सुरेश सिंह ने हाल ही में नया घर बनाकर उसमें रहना शुरू किया था। घर में बिजली की वायरिंग का काम पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हुआ था। रविवार की दोपहर उनकी 12 वर्षीय पोती अनिशा कुमारी किसी काम से घर में गई थी। इसी दौरान वह बिजली के नंगे तार की चपेट में आ गई और चीखने लगी। पोती की चीख सुनकर सुरेश सिंह उसे बचाने के लिए दौड़े और करंट से छुड़ाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद उन्होंने पोती को बिजली की चपेट से बचा लिया, लेकिन इस दौरान स्वयं नंगे तार के संपर्क में आ गए। करंट लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

परिजन आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए मीरपुर स्थित एक निजी क्लिनिक में ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मोतिहारी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक पेशे से किसान थे। उनके परिवार में चार पुत्र और एक पुत्री हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है। पत्नी कलावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, सदमे के कारण उन्हें बार-बार बेहोशी के दौरे पड़ रहे हैं। घटना की पुष्टि पूर्व पंचायत समिति सदस्य बंका सिंह ने की है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page