गायघाट व बरमसवा में 11 हजार वोल्ट के 18 पोल के बिजली तार की चोरी, लाखों का नुकसान
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के बारमसवा सिंहरा ब्रह्म स्थान से गायघाट वृति तक 11 हजार वोल्टेज के 18 पोल के बिजली तार को चोरों ने शनिवार की रात काटकर चुरा लिया। चोरी गए तार की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
चोरी का खुलासा रविवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि गायघाट में बन रहे नए पावर सब स्टेशन से दामोवृति और मुरारपुर फीडर के लिए ले जाए जा रहे नए 11 केवी के तार को चोरों ने निशाना बनाया है। कुल 18 पोल से तार काटकर चोरी की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की रात जिस समय चोरी की घटना हुई, उस समय अचानक बिजली गुल हो गई थी। सुबह जब लोग खेत की ओर गए तो पोल पर तार गायब दिखा, जिसके बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर नीतीश कुमार, लाइन मैन सरफुद्दीन सहित अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे और चोरी गए स्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान एक डीपी के पास से चोरों द्वारा तार काटने में इस्तेमाल किया गया कटर भी बरामद किया गया है, जिसे चोर मौके पर ही छोड़कर भाग गए थे। बिजली कर्मियों ने बताया कि यह तार न्यू फीडर दामोवृति और न्यू फीडर मुरारपुर के लिए बिछाया गया था। इस चोरी के कारण दोनों फीडरों में बिजली पहुंचाने का काम बाधित हो गया है। इससे नए पीएसएस के चालू होने में भी देरी होगी।
इधर, घटना के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बिजली विभाग के अधिकारी इस मामले में हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी में हैं। पुलिस को कटर मिलने से चोरों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।

