रक्सौल में भारती फाउंडेशन की प्रतिभा खोज प्रतियोगिता संपन्न
-सेवा संकल्प अभियान के तहत करीब एक हजार छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
– सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा—इन्हीं बच्चों में छुपा है विकसित भारत का भविष्य: डॉ. संजय जयसवाल
रक्सौल। सीमावर्ती शहर रक्सौल के ऐतिहासिक हजारीमल उच्च विद्यालय के प्रांगण में शनिवार को भारती फाउंडेशन की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026’ संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में रक्सौल सहित आसपास के विभिन्न विद्यालयों के हाई स्कूल तथा 11वीं एवं 12वीं कक्षा के करीब एक हजार छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता, प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भारती फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की। कहा कि रक्सौल जैसे सीमावर्ती क्षेत्र में एक हजार विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर उनके बीच बौद्धिक प्रतियोगिता आयोजित करना महत्वपूर्ण पहल है।
ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का काम करते हैं। सांसद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज की यह प्रतियोगिता केवल परीक्षा नहीं, बल्कि आपके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। इन्हीं बच्चों में से आने वाले समय में डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी और वैज्ञानिक निकलेंगे, जो देश और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।” उन्होंने कहा कि ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन, मंच और अवसर उपलब्ध कराया जाए।
भारती फाउंडेशन का यह आयोजन विद्यार्थियों को ऐसा ही अवसर प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम में बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के सदस्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में भारती फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता उन्हें भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डू सिंह ने भारती फाउंडेशन को शिक्षा के प्रति समर्पित संस्था बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
वहीं फाउंडेशन के ट्रस्टी प्रो. मनीष दूबे, राजकिशोर राय, ई. जितेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों से ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में हजारीमल उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य, भारती फाउंडेशन के क्षेत्रीय समन्वयक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
आयोजन को सफल बनाने में रिंकू श्रीवास्तव, राजकिशोर राय उर्फ भगत, इंजीनियर जितेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, संतोष छात्रवंशी, साजन कुमार, नीरज कुशवाहा, कृष्ण प्रसाद, मनोज शर्मा, अवनीत कुमार मिश्रा, नितेश कुमार, रवि कुमार, सतीश कुमार, अमित यादव, राहुल गुप्ता, अभिषेक कुमार, अभिमन्यु कुमार, आदित्य तिवारी, मुन्ना गुप्ता, पवन कुमार गुप्ता, कुंदन शर्मा, रामबाबू शर्मा सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

