रोशनाई फाउंडेशन आयोजित करेगा पांच दिवसीय ‘आर्ट कार्निवल–2026’
– 25 से 29 अक्टूबर तक मोतिहारी नगर भवन मैदान में होंगे साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
मोतिहारी।रोशनाई फाउंडेशन की ओर से आगामी 25 से 29 अक्टूबर, 2026 तक मोतिहारी के नगर भवन मैदान में पांच दिवसीय ‘आर्ट कार्निवल–2026’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों एवं कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देने के लिए आइएमए हॉल में रोशनाई फाउंडेशन की ओर से एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए रोशनाई फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल वर्मा ने बताया कि ‘आर्ट कार्निवल–2026’ के माध्यम से पूरे उत्तर बिहार को एक साझा सांस्कृतिक मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्निवल में पुस्तक मेला के साथ लोक कला एवं लोक संगीत, नाटक, कला प्रदर्शनी, कवि सम्मेलन, मुशायरा, बच्चों के लिए कविता वाचन, कथा वाचन सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को कला एवं साहित्य की विविध विधाओं से जोड़ना है।
फाउंडेशन के सचिव सह मैनेजिंग ट्रस्टी गुलरेज शहजाद ने बताया कि ‘आर्ट कार्निवल–2026’ के अंतर्गत पुस्तक मेला, लिटरेचर फेस्टिवल, ड्रामा फेस्टिवल तथा आर्ट एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय एवं उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़े लोगों के बीच संवाद एवं रचनात्मक आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करेगा।इसके साथ ही आयोजन के माध्यम से सांस्कृतिक पर्यटन और स्थानीय रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने का भी प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर एक विशेष स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा, जिसमें आयोजन से जुड़े विषयों के साथ कला, साहित्य एवं संस्कृति से संबंधित सामग्री को स्थान दिया जाएगा। इस अवसर पर रोशनाई फाउंडेशन के ट्रस्टी रवीश मिश्रा एवं अभय अनंत, कार्यक्रम के समन्वयक सुदीप कुमार, आयोजन समिति के सदस्य साजिद रजा, सुधीर गुप्ता, कुमार सत्यम एवं मंजीत प्रकाश सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

