देश में पीएम और बिहार में सीएम की कोई वैकेंसी नही:अमित शाह
दरभंगा। जिले के अलीनगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
अलीनगर की भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के समर्थन में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि दरभंगा विद्वानों की धरती रही है। मंडन मिश्र और भारती का यहां से जुड़ाव रहा है। इसलिए आज मैं घोषणा करता हूं कि यहां 500 करोड़ की लागत से सांस्कृतिक म्यूजियम की स्थापना होगी।
इस म्यूजियम में दरभंगा के अतिरिक्त पूरे बिहार के विद्वानों की पांडुलिपियां रहेंगी। इससे दुनिया को नई दिशा मिलेगी। दरभंगा को उसका पुराना गौरव हासिल होगा।
गृह मंत्री ने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार द्वारा किए गए कामों को जानकारी दी। एयरपोर्ट से मखाना बोर्ड तक के बारे में बताया। दौरान उन्होंने राजद और महागठबंधन की राजनीतिक शैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि फिलहाल देश में पीएम और बिहार में सीएम की कहीं कोई वैकेंसी नहीं है।
इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि 850 करोड़ की लागत से माता जानकी का भव्य मंदिर बनाया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं तो सोनिया जी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। केवल भाजपा ही है जो परिवार वाद का पोषण नहीं करती है।
उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस ने धारा 370 को 70 साल तक रखा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसको हमेशा के लिए खत्म कर दिया। इस देश में आतंकवाद को प्रश्रय देने की परंपरा चली आ रही थी।भाजपा ने एक के बाद एक प्रहार के माध्यम से इसको खत्म किया। आपरेशन सिंदूर इस कड़ी का बेहतर उदाहरण है। इसलिए मोदी के हाथ में ही देश सुरक्षित है।

