मादक पदार्थों की तस्करी व सेवन के विरुद्ध सुनिश्चित करें कठोर कार्रवाईः डीएम
-नार्को को-ऑर्डिनेशन की बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश
मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में नार्को-कोऑर्डिनेशन की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में किया गया, जिसमें जिलाधिकारी ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार, इसके भंडारण एवं परिवहन तथा मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण के लिए आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से कार्रवाई तेज करें।पकड़े गए लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात भी उपस्थित थे। उक्त अवसर पर विगत एक माह में जिला पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के विषय में बताया गया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 29 कांड दर्ज किए गए हैं, जिनमें 35 अभियुक्त को गिरफ्तार किए गए है। एनडीपीएस एक्ट के तहत 293 किलोग्राम गांजा, 01 किलोग्राम चरस, 4.1 किलोग्राम अफीम, 8.03ग्राम स्मैक, 14 मोबाइल, 05 मोटरसाइकिल,02 चार पहिया वा, 10 चक्का ट्रक 01,49147 कैश तथा 174000 नेपाली करेंसी जप्त किए गए हैं।

डीएम ने कहा कि सीमावर्ती अनुमंडल खासकर रक्सौल तथा सिकरहना क्षेत्र में पुलिस एवं सीमा सुरक्षा बल के पदाधिकारियो के द्वारा विशेष सतर्कता बरतते हुए संयुक्त छापामारी अभियान नियमित संचालित किया जाए। नेपाल से लगे सीमावर्ती क्षेत्र खासकर आदापुर और घोड़ासहन नारकोटिक्स के मामले में बहुत ही संवेदनशील है, फलस्वरूप लगातार नजर रखें।
बैठक में समादेष्टा 71वीं बटालियन, 20 वीं बटालियन एवं 47 वीं बटालियन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, औषधि नियंत्रक, अधीक्षक मद्य निषेध, डीपीओ आईसीडीएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी तथा प्रतिनिधि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो मोतिहारी उपस्थित थे।
कमांडेंट 47 वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल रक्सौल ने बताया कि पुलिस के साथ सशस्त्र सीमा बल की ज्वाइंट ऑपरेशन में पिछले एक माह में गांजा, स्मैक, चरस पकड़े गये है। वहीं तस्करों को भी पकड़ा गया है। सीमावर्ती क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने एवं अंतर जिला समन्वय को और सुदृढ़ करने पर बल दिया जा रहा है। कमांडेंट 71वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल पिपरा कोठी ने बताया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से नार्कोटिक्स और ह्यूमन ट्रैफिकिंग के विरुद्ध लोगों की गिरफ्तारी की गई है। ड्रग्स दुकानों पर भी लगातार छापेमारी की गई है।
अगस्त माह में 122 लीटर शराब तथा 9 केजी गांजा जप्त किए गए है। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में 3.93 ग्राम स्मैक, एक मोटरसाइकिल, 88,000 नकदी, दो मोबाइल,188 किलो गांजा और एक ट्रक जप्त किया गया है। सहायक आयुक्त मध निषेध ने बताया कि विगत एक माह में कुल 4360 छापेमारी की गई है, जिसमे 752 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, इसमें 760 पीने वाले शामिल हैं। कुल 92 लोगों को जेल भेजा गया है। 18670 लीटर देसी शराब और 1995 लीटर विदेशी शराब जप्त किया गया है। 2.31 किलोग्राम गांजा भी जप्त किया गया है। इस दौरान 35 वाहन भी जप्त किए गए हैं।
नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र सदर अस्पताल में आठ लोगों को भर्ती कराया गया है। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सीमा सुरक्षा बल, स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तस्करी विरुद्ध अभियान चलाए। जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया वे बॉर्डर एरिया में खाद के दुकानों के स्टॉक वेरिफिकेशन नियमित रूप से करें।
अलबत्ता जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नया लाइसेंस नहीं दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि निरोधात्मक कार्य में लगे पदाधिकारी स्थानीय थाना को सूचना निश्चित रूप से दें। एक दूसरे के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। अनुमंडल स्तर पर पुलिस प्रशासन, एसएसबी, ड्रग्स कंट्रोल से जुड़े पदाधिकारी एवं कृषि विभाग के पदाधिकारी बैठक कर प्रभावी रणनीति बनाकर कार्रवाई करें।

