गोपालगंज में दर्दनाक हादसा,सेप्टिक टैंक में दम घुटने से चार मजदूरो की मौत

गोपालगंज में दर्दनाक हादसा,सेप्टिक टैंक में दम घुटने से चार मजदूरो की मौत
Facebook WhatsApp

पटना।बिहार के गोपालगंज जिले में गुरुवार को सेप्टिक टैंक में उतरे 4 मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसा गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनही जगदीश गांव में शनिवार को हुआ। निर्माणाधीन शौचालय की टंकी का शटरिंग खोलने के लिए मजदूर अंदर उतरे। जहरीली गैस से दम घुटने से उनकी जान चली गई।

बताया जा रहा है कि सबसे पहले एक मजदूर टैंक के अंदर गया। वो वापस नहीं आया तो एक-एक करके तीन अन्य मजदूर भी उतर गए। सभी की मौके पर ही जान चली गई।

मृतकों की पहचान सवनही वृत्त के उमेश यादव (उम्र- 35 साल), सवनही बाजार के जावेद आलम (उम्र- 31 साल), सवनही पट्टी के राकेश बैठा (उम्र- 26 वर्ष) और गिदहा गांव के सफी आलम (उम्र- 18 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है।ग्रामीणों के अनुसार गांव में हकीक अहमद के घर पर शौचालय का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार को टंकी के ढक्कन की ढलाई के लिए लगाए गए शटरिंग को हटाने के लिए सबसे पहले सफी आलम अंदर घुसा। वह काफी देर तक बाहर नहीं आया। अंदर से कोई आवाज भी नहीं आई तो एक-एक करके तीन अन्य मजदूर भी टंकी के भीतर उतर गए।

इस दौरान अंदर भरी जहरीली गैस से चारों की दम घुटने से मौत हो गई। बाहर खड़े एक अन्य मजदूर सेराज जैसे ही अंदर गया, उसका भी दम घुटने लगा। लेकिन, उसे बाहर निकाल लिया गया। उसकी जान बच गई।

फिर स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद टंकी की दीवार को तोड़कर सीढ़ी के सहारे चारों मजदूरों को बाहर निकाला। आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page