महावीर झंडा में उत्साही श्रद्धालुओं ने हैरत अंगेज करतब दिखाकर लोगों के दांत किए खट्टे
-हर्षोल्लास के बीच रक्षाबंधन एवं महावीर झंडा शतिपूर्ण संपन्न
फोटो 6
सुगौली/सनमार्ग संवाददाता। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर शुक्रवार को नगर पंचायत सुगौली में विभिन्न पंचायतों एवं क्षेत्रों से भव्य महावीरी झंडा जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न अखाड़ों में युवाओं ने लाठी, डंडा सहित पारंपरिक हथियारों से हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत कर लोगों के दांत खट्टे कर दिए। जुलूस के साथ जगह-जगह मेले का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। महावीरी झंडा जुलूस को लेकर नगर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों पर दिनभर उत्सवी माहौल बना रहा। नगर पंचायत क्षेत्र से दर्जनों से अधिक जुलूस निकलने के कारण मुख्य चौक पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ जुलूस में हिस्सा लिया और अखाड़ों में युवाओं द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे पारंपरिक करतबों का आनंद उठाया।
जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस अंचल निरीक्षक मुन्ना कुमार एवं थाना अध्यक्ष अनिष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात थे। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई थी। पुलिस बल लगातार जुलूस के साथ-साथ भीड़ एवं यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रहा। इधर, जुलूस के कारण आजाद चौक स्थित छपवा-रक्सौल राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क के दोनों ओर छोटी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतारे लग गई। इससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। इसी दौरान एक आपातकालीन एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसे भीड़ से निकालने में पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहनों का परिचालन सुचारु कराया। बावजूद रक्षाबंधन एवं महावीर झंडा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। पर्व को सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

