महावीरी झंडा मेला में सजा भव्य कुश्ती महादंगल, कई राज्यों के पहलवानों ने दिखाया दमखम 

महावीरी झंडा मेला में सजा भव्य कुश्ती महादंगल, कई राज्यों के पहलवानों ने दिखाया दमखम 
Facebook WhatsApp

हरसिद्धि। थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर सरेयां ब्रह्म टोली में महावीरी झंडा मेला के अवसर पर भव्य कुश्ती महादंगल का आयोजन किया गया। दंगल में बिहार समेत विभिन्न राज्यों से आए नामी-गिरामी पहलवानों ने अपने दमखम और शानदार दांव-पेंच का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे आयोजन के दौरान मेले में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतियोगिता का आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं विधायक कृष्णनंदन पासवान तथा हसुआहां-मानिकपुर पंचायत के मुखिया तशरीफ आलम खां ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। इस दौरान विधायक श्री पासवान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन और गौरवशाली खेल परंपरा है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।

मेला संयोजक अभिषेक तिवारी ने बताया कि महावीरी झंडा मेला के अवसर पर आयोजित इस दंगल में दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पहलवानों के हर दांव-पेंच पर दर्शक तालियों और जयकारों से उनका हौसला बढ़ाते रहे। विशेष रूप से बिहार के पहलवानों के मुकाबलों को लेकर लोगों में अलग ही उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक सौहार्द और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में भाजपा के वरीय नेता दीपक शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष हरेंद्र कुशवाहा, किसान मोर्चा के हरसिद्धि विधानसभा प्रभारी दिलीप गुप्ता, शिक्षक संतोष पांडेय, पूर्व मुखिया भोला दास, अनिल दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन के लिए स्थानीय ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में विजयी पहलवानों को सम्मानित किया गया तथा आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page