नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार में लोग सतर्क रहें, घबराएं नहीं : विजय चौधरी

नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार में लोग सतर्क रहें, घबराएं नहीं : विजय चौधरी
Facebook WhatsApp

पटना। नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि अगले पांच-छह घंटे से लेकर पूरी रात बिहार में अलर्ट रहने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि समस्या पहले की तुलना में बड़ी है, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

विजय कुमार चौधरी ने बताया कि गंडक नदी पर दबाव बढ़ने की आशंका है। वाल्मीकिनगर बराज तक नेपाल से आने वाले पानी को पहुंचने में करीब दो से तीन घंटे लग सकते हैं। संभावित स्थिति को देखते हुए सरकार ने बाढ़ राहत कार्यों के लिए अतिरिक्त टीमों की तैनाती की है। राहत कार्य में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध करा दी गई है।

उन्होंने बताया कि नेपाल सरकार की ओर से स्थिति का आकलन कर भारत को जानकारी दी गई है। नेपाल के तिब्बत प्रभाग में ग्लेशियर फटने के कारण पानी तेजी से बढ़ रहा है। यह पानी त्रिशूली नदी के रास्ते देवघाट और उसके बाद गंडक नदी में पहुंचेगा। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल गंडक नदी का जलस्तर अपेक्षाकृत कम है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा आकलन के अनुसार करीब ढाई लाख क्यूसेक पानी गंडक बराज से गुजरने की संभावना है। पानी तेजी से बिहार की ओर आने की आशंका को देखते हुए जल संसाधन विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों और राहत टीमों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

विजय चौधरी ने लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें, लेकिन घबराएं नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वयं पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल कोसी नदी में पानी बढ़ने की कोई सूचना नहीं है। सरकार की प्राथमिकता संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते राहत और बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करना है।स्थिति को देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग की निगरानी लगातार जारी है। आने वाले कुछ घंटे बिहार, विशेषकर गंडक नदी से जुड़े इलाकों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page