कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बाबा हरिहर नाथ मंदिर में किया रुद्राभिषेक
सारण। सोनपुर बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहर नाथ मंदिर में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में स्थापित बाबा हरिहर नाथ की विशेष पूजा-अर्चना की और पूरे विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक संपन्न किया।पूजन के उपरांत कृषि मंत्री ने देश, बिहार प्रदेश तथा संपूर्ण हरिहर क्षेत्र की जनता के सुख, शांति और खुशहाली की ईश्वर से प्रार्थना की।
पूजन कार्य मंदिर न्यास समिति के आचार्यों और पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरा कराया गया। इस अवसर पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह उर्फ लल्ला एवं भाजपा नेता राकेश कुमार सिंह ने कृषि मंत्री का स्वागत किया।
बाबा हरिहरनाथ न्यास समिति की ओर से समिति के सचिव विजय कुमार सिंह उर्फ लल्ला कृषि मंत्री को अंग वस्त्र, पुष्प माला, बाबा का पवित्र प्रसाद एवं स्मृति प्रतीक चिह्न भेंटकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी, एवं सुरक्षाकर्मी उपस्थित थे।

