सगौली-सेमरा रेलखंड पर ट्रेनों पर पत्थरबाजी रोकने को लेकर रेल पुलिस ने चलाया अभियान
सगौली। ट्रेनों पर लगातार हो रही असामाजिक तत्वों द्वारा पत्थरबाजी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रेल पुलिस पूरी तरह सख्त मोड में है। इस क्रम में स्थानीय रेल पुलिस द्वारा क्षेत्र के लोगों के बीच एक विशेष जन संपर्क सह जागरूकता अभियान चलाया गया।
यह अभियान सगौली और सेमरा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित बंगरा गुमटी के समीप आयोजित किया गया। इस दौरान रेल पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों ने गुमटी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, राहगीरों और युवाओं को इकट्ठा कर ट्रेनों पर पत्थर फेंकने से होने वाले जान-माल के नुकसान के प्रति जागरूक किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी करना न केवल यात्रियों की जान के लिए बेहद खतरनाक है, बल्कि यह एक गंभीर कानूनी अपराध भी है। जिसमें दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में वी. के. झा, एसआई संतोष सहनी आरपीएफ के जागेश्वर राम, रीना कुमारी जीआरपी सिपाही, नीतू कुमारी और शशि सिंह शामिल थे।
रेल पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि कोई भी व्यक्ति या असामाजिक तत्व इस तरह की हरकत करते दिखे तो उसकी सूचना तुरंत रेल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके। ग्रामीणों ने भी रेल प्रशासन को इस मुहिम में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

