अनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान का हुआ शुभारंभ-25 अगस्त से 30 नवम्बर तक चलेगा विशेष अभियान: सिविल सर्जन
मोतिहारी।अनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के अंतर्गत “आनिमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान” का शुभारंभ मुख्यमंत्री के द्वारा किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ कार्यक्रम का प्रसारण हुआ।
पूर्वी चम्पारण जिले में सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार की अध्यक्षता में सदर अस्पताल में विशेष अभियान का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर सदर अस्पताल में 147 गर्भवती महिलाओं, 55 किशोरियों एवं 40 महिलाओं सहित कुल 242 लाभार्थियों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई।
जांच के दौरान एनीमिया से ग्रसित लाभार्थियों को आवश्यक उपचार एवं पोषण संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि आनिमिया मुक्त भारत कार्यक्रम वर्ष 2019 से संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन सिरप, 5 से 10 वर्ष तक के बच्चों को आयरन की गुलाबी गोली, 10 से 19 वर्ष तक के किशोर-किशोरियों को आयरन की नीली गोली तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आयरन की लाल गोली उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से 30 नवम्बर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान सभी लक्षित आयु वर्ग के लाभार्थियों की हीमोग्लोबिन जांच की जाएगी। एनीमिया से पीड़ित लाभार्थियों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें संतुलित आहार, पोषण एवं एनीमिया की रोकथाम से संबंधित परामर्श भी दिया जाएगा।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एस. एन. सत्यार्थी ने कहा कि एनीमिया की समय पर पहचान और उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी लक्षित लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पर जाकर हीमोग्लोबिन की जांच कराएं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आयरन एवं फोलिक एसिड की दवाओं का नियमित सेवन करें।
इस अवसर पर डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रीति गुप्ता, डॉ. मुकेश कुमार, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अमानुल्लाह अमन, अस्पताल प्रबंधक कौशल दुबे, ए.एन.एम. स्कूल के प्राचार्य संतोष तालिकोटी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

