मां की खप्पर पूजन एवं डोला यात्रा में श्रद्धालुओं की उमडी़ भारी भीड़
सुगौली। नगर पंचायत के वार्ड 10 स्थित माई स्थान मां भगवती मंदिर के पूर्व ब्रह्मस्थान से पुजा आर्चना के पश्चात खप्पर मां के पुजारी अनिल कुमार भक्ता ने खप्पर के साथ निकलकर विभिन्न गली मोहल्ले होते हुए मां स्थान मंदिर पहुंचे, जहां सैकड़ो भक्तों ने जय भवानी के जय घोष से वातावरण गूंजायमान हो चला।
इस बीच प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। पूजन के साथ डोली यात्रा भी निकाली गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। पारंपरिक रूप से चली आ रही मां भगवती की खप्पर पूजा मंदिर के भक्त अनिल कुमार के द्वारा सम्पन्न हुआ।
खप्पर पूजा को देखते हुए माई स्थान भगवती मन्दिर और ब्रह्मस्थान के पास भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच कर ब्रह्म पूजा में शामिल हुए। सदियों से चली आ रही इस पूजा के मन्दिर में सम्पन्न किए जाने के बाद भक्तों की भारी भीड़ ब्रह्मस्थान से खप्पर लेकर पुनः माई स्थान मन्दिर ले जाकर रख दिया।
तत्पश्चात मां का डोला निकाला गया। भक्त अनिल कुमार का कहना है की इस दिन जो लोग माता के दर्शन के लिए आते है, उनकी मनोकामना पूर्ण हो जाती है। मौके पर थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

