आमदे नूर कॉन्फ्रेंस का हुआ भव्य आयोजन, उमड़ी भीड़
-जश्ने दस्तार-ए-हिफ्ज़ुल कुरआन में उलमा-ए-किराम ने इल्म की अहमियत पर डाला प्रकाश
तुरकौलिया। शंकर सरैया चौक स्थित टिकैता गांव में मदरसा इस्लामिया कादरिया बहरुल उलूम के बैनर तले आमदे नूर कॉन्फ्रेंस एवं जश्ने दस्तार-ए-हिफ्ज़ुल कुरआन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उलमा-ए-किराम, शोअराये एजाम और अकीदतमंदों ने शिरकत की।
पूरा कार्यक्रम अकीदत के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पीरे तरीकत रहबरे राहे शरीयत मौलाना तौसीफ रजा खान बरेली, सैयद अमजद हसनैन कादरी साहब किबला मुंबई, नकीबे अहले सुन्नत मेहदी हसन झारखंड, शायरे इस्लाम बुलबुले बागे मदीना मुहम्मद शमशीर आलम, आफताब आलम, तौकीर रजा इलाहाबादी, रेहान रजा अंजुम, मौलाना सैयद फजलुल्लाह साहब, सैयद अकरम नूरी साहब, मौलाना गुलाम रब्बानी साहब, मौलाना आदिल हुसैन साहब, मौलाना आरिफ हुसैन एवं मौलाना मुद्दशिर हुसैन अलिमी सहित कई प्रतिष्ठित उलमा-ए-किराम की उपस्थिति रही।
इस मौके पर मौलाना तौसीफ रजा खान बरेली एवं सैयद अमजद हसनैन कादरी साहब ने अपनी नूरानी तकरीरों से लोगों को संबोधित किया। वक्ताओं ने अपने बयान में इल्म (ज्ञान) की अहमियत, कुरआन की शिक्षाओं, तालीम-ओ-तरबियत और दीनी तालीम की जरूरत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इल्म इंसान को सही और गलत की पहचान कराता है तथा समाज में अच्छे अखलाक, आपसी भाईचारे और इंसानियत को बढ़ावा देता है। कुरआन की तालीम पर अमल करना और अपनी नई पीढ़ी को दीनी एवं दुनियावी शिक्षा से जोड़ना हर समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने कहा कि हिफ्ज़ुल कुरआन की सआदत हासिल करना बहुत बड़ी नेमत है। कुरआन-ए-पाक को याद करने वाले बच्चों की हौसला अफजाई करना और उन्हें बेहतर तालीम के अवसर उपलब्ध कराना समाज का फर्ज है। जश्ने दस्तार-ए-हिफ्ज़ुल कुरआन के अवसर पर हाफिजों की मेहनत और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआएं भी की गईं। तकरीरों के दौरान मजमे में नारे तकबीर और नारे रिसालत की सदाएं गूंजती रहीं।
कार्यक्रम में मौजूद अकीदतमंदों ने पूरे उत्साह के साथ शिरकत की। हिफीज मुकमल करने वाले बच्चे में हाफिज अहमद रज़ा, मोहम्मद तौफीज रज़ा, हाफिज मोहम्मद मुस्लिम रज़ा, हाफिज मोहम्मद मोशारीफ रज़ा का नाम शामिल है। इस अवसर पर मुर्तुजा हुसैन, फैयाज आलम, सद्दाम हुसैन, नौशाद आलम, मोख्तार आलम, फिदा हुसैन सहित सैकड़ों की संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।
अंत में आयोजन की सफलता पर आयोजकों ने सभी उलमा-ए-किराम, मेहमानों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। पूरा आयोजन अकीदत, मोहब्बत, भाईचारे और धार्मिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ।

