भाजपा की राष्ट्रीय संगठनात्मक बैठक में संगठन विस्तार और जनसेवा पर जोर

भाजपा की राष्ट्रीय संगठनात्मक बैठक में संगठन विस्तार और जनसेवा पर जोर
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक के दूसरे दिन भी रविवार को चुनावी राज्यों की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक पार्टी के विस्तार और देश भर आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।पार्टी मुख्यालय में रविवार को आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की।

बैठक में महामंत्री बी एल संतोष, तरुण चुग, विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी, सहित कई पदाधिकारियों के साथ राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी भी मौजूद रहे। बैठक में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया ने भी सहभागिता की।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर मंथन किया।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा संगठन राष्ट्रसेवा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार के अपने अभियान को और अधिक गति देगा। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उसे और सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने के विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के बाद भाजपा के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने बताया कि संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ कई कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से मंथन हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी देशभर में विशेष अभियान चलाएगी। इसमें मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष की उनकी सार्वजनिक सेवा को रेखांकित किया जाएगा।

रामचंदर राव ने बताया कि 17 सितंबर, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के बीच पार्टी की भागीदारी को और मजबूत करना है।

बैठक में पार्टी नेतृत्व ने विभिन्न राज्यों में संगठन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए चुनावी रणनीति और संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाने पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संगठनात्मक बैठक में नए पदाधिकारियों से मिलें और पार्टी को मजबूत बनाने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने पर जोर दिया। सभी पदाधिकारियों से उन्होंने बात की और उनका मार्गदर्शन किया। करीब पांच घंटे चली बैठक में सभी के साथ बात की। बैठक के बाद उन्होंने एक्स पर अपने संदेश में कहा, संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नए दृष्टिकोणों का मंच होती हैं, जिनका उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और लोगों से जुड़ाव गहरा करना है। सहयोगी नेताओं और नई संगठनात्मक टीम के साथ बेहद सार्थक और सकारात्मक संवाद हुआ।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page