भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 24 बोरी यूरिया खाद के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 24 बोरी यूरिया खाद के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

बनकटवा। भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया खाद की अवैध तस्करी के खिलाफ एसएसबी 71वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई की। सीमा चौकी बड़हरवा के जवानों को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिल और साइकिलों के माध्यम से यूरिया खाद की बोरियों को अवैध तरीके से नेपाल ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।

कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देश पर सुबह करीब 5:45 बजे सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष गश्ती दल को सीमा क्षेत्र में रवाना किया गया। जवानों ने संभावित तस्करी वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाते हुए सीमा क्षेत्र में सघन गश्त शुरू की।

गश्ती दल जब सीमा स्तंभ के समीप बलुआ पोस्ट और सैनिक रोड के पास पहुंचा, तो जवानों ने कुछ लोगों को कच्चे रास्ते से यूरिया खाद की बोरियां लेकर नेपाल की ओर जाते देखा। संदिग्ध लोग साइकिल और मोटरसाइकिल के माध्यम से खाद को सीमा पार ले जाने की कोशिश कर रहे थे। जवानों को देखते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपनी बाइक, साइकिल तथा खाद की बोरियां मौके पर छोड़कर भागने लगे।


एसएसबी जवानों ने पीछा शुरू किया। इसी दौरान भाग रहे एक व्यक्ति को जवानों ने पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गोपाल राय (50 वर्ष), निवासी बलुआ के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान अन्य संदिग्ध मौके से फरार होने में सफल रहे।

उनकी पहचान और संलिप्तता की जांच की जा रही है। सघन तलाशी अभियान के दौरान एसएसबी जवानों ने कुल 24 बोरी यूरिया खाद बरामद की। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही चार साइकिलें और एक प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page