नेपाल से 88 हजार के जाली नोट लेकर पहुंचे दो धंधेबाज गिरफ्तार
मोतिहारी। एसएसबी व पुलिस की संयुक्त कारवाई में नेपाल से जाली नोटों की खेप लेकर बिहार पहुंचे दो धंधेबाज पकड़े गये।बताया गया कि नकली नोट के दोनो धंधेबाज लखौरा-छौड़ादानो मुख्य मार्ग पर ग्रामीण बैंक के पास सड़क किनारे मोटरसाइकिल के साथ खड़े थे।इसी दौरान दोनों को दबोच लिया गया।
इनकी तलाशी के दौरान इनके पास 500 रुपये के 176 जाली नोट बरामद हुए। कुल जब्त राशि 88 हजार रुपये है। दोनों के पास मिले सेलफोन की तकनीकी जांच के बाद पुलिस इनके सिडिंकेट और संपर्को को खंगालने में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार लखौरा थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी,कि जाली नोट के धंधेबाज नकली नोट की खेप के साथ आने वाले है, इसके बाद टीम ने लखौरा-छौड़ादानो मुख्य मार्ग पर निगरानी बढ़ाई। ग्रामीण बैंक के पास संदिग्ध स्थिति में मोटरसाइकिल के साथ खड़े दोनों युवकों को टीम ने घेरकर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चिरैया थाना क्षेत्र के बंसवरिया गांव निवासी नूर आलम और महुआवा गांव निवासी शेख इश्तेखार मंसूरी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने नेपाल से जाली नोट लाने की बात बताई है।पूछताछ में यह भी सामने आया कि जाली नोटों की खेप चिरैया में किसी व्यक्ति को डिलीवर करनी थी। हालांकि, डिलीवरी किसे दी जानी थी, इसका अभी पता नहीं चला है।
पुलिस इस बिंदु पर गोपनीय तरीके से जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस जब्त सेलफोन से जाली नोटों के नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। छापेमारी में लखौरा थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, दीपक, रिजर्व गार्ड और एसएसबी की टीम शामिल रही।

