भाजपा की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जयंती पर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ
-मंत्री, सांसद ने उनकी जीवनी पर विस्तारपूर्वक विचार व्यक्त किया
मोतिहारी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650 वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष भृगुन पासवान की अध्यक्षता में चन्द्रहिया स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संत रविदास जी महाराज के रज कलश को मोतिहारी के सभी 30 मंडलों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, बंधुत्व, सेवा एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि कलश वंदन, शोभायात्रा, संगोष्ठी, विचार गोष्ठी, सामाजिक समरसता संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेवा कार्य एवं जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से संत रविदास महाराज के विचारों एवं आदर्शों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य समाज में जातिगत भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना है।
खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने संत रविदास जी महाराज के प्रसिद्ध कथन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास महाराज सनातनी परंपरा के महान संत थे। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष हिन्दू समाज को तोड़ने का प्रयास कर रहा है। हिन्दू समाज कमजोर हुआ तो देश भी कमजोर होगा। आज रविदास समाज को भी विपक्ष दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, इसलिए समाज को सचेत रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, हरसिद्धि विधायक एवं पूर्व मंत्री कृष्णनंदन पासवान, कल्याणपुर विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह, भाजपा प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मोहिब्बुल हक, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, रिंकू पाठक, मनोज पासवान, नीता पासवान, मीना मिश्रा, सुधांशु रंजन, संजय चौधरी, बसंत मिश्रा, गुलरेज शहजाद, डॉ. अरुण कुमार, अनिल वर्मा, ओमप्रकाश सिंह, सूरज पाण्डेय, ऋषभ झा, सियावर सिंह, सुदीप कुमार, धर्मेंद्र कुमार, विजय राम एवं चंदन सिंह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

