वन टाइम सेटलमेंट के तहत ईट निर्माताओ के बकाया राशि का शीघ्र होगा समाधानः मंत्री
-मोतिहारी, बेतिया एवं शिवहर जिला ईट निर्माताओं का हुआ सम्मेलन
मोतिहारी।शहर के बरियारपुर स्थित एक होटल में मोतिहारी, बेतिया एवं शिवहर जिला ईंट निर्माता संघ द्वारा “क्षेत्रीय सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व सह कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी एवं उद्घाटनकर्ता के रूप में ने सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह उपस्थित थे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. चंद्रवंशी ने ईंट निर्माता व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि बिहार सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ उनके साथ खड़ी है।ईंट निर्माताओं पर बकाया राशि के समाधान के लिए वन टाइम सेटलमेंट के तहत प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग को भेजा गया है। वित्त विभाग से स्वीकृति मिलते ही इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
उन्होने कहा कि ईंट निर्माताओं को पुनः बीएसएमसीएल के माध्यम से कोयले की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और कोयले की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। डॉ. चंद्रवंशी ने कहा कि वर्ष 2025-26 में जुलाई माह तक 579 करोड़ 12 लाख रुपये तथा वर्ष 2026-27 में जुलाई माह तक 796 करोड़ 30 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने भी ईंट निर्माताओं की समस्याओं के समाधान के लिए भारत सरकार के स्तर पर हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। श्री सिंह ने कहा कि ईंट केवल मिट्टी और आग से बनी हुई एक वस्तु नहीं है। यह हमारे गांवों के विकास, गरीब परिवारों के रोजगार, श्रमिकों की आजीविका और देश के निर्माण की कहानी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए हमें ईंट-भट्ठा उद्योग को केवल एक व्यवसाय के रूप में नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार के एक महत्वपूर्ण आधार के रूप में देखना चाहिए। हमारा लक्ष्य केवल अधिक ईंट उत्पादन करना नहीं होना चाहिए, बल्कि पर्यावरण की रक्षा करते हुए आधुनिक तकनीक से ईंट उत्पादन करना होना चाहिए। इसीलिए सरकार ने पारंपरिक प्रदूषणकारी तकनीकों के स्थान पर जिग -जैग टेक्निॉलोजी और अन्य स्वच्छ तकनीकों को बढ़ावा दिया है।
इस अवसर पर उप महापौर डॉ. लाल बाबू प्रसाद, ईंट निर्माता संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुरारी कुमार मन्नू, संरक्षक शंभू शरण पांडेय , प्रदेश महासचिव विनय कुमार पांडेय, ईंट निर्माता संघ के मोतिहारी जिलाध्यक्ष सत्यवीर प्रताप सिंह, बेतिया जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न कुशवाहा, शिवहर जिलाध्यक्ष लालबाबु प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ईंट उद्योग से जुड़े उद्यमी एवं प्रतिनिधि मौजूद थे।

