श्मशान घाट की जमीन पर भू माफिया कर रहे कब्जा, ग्रामीणों मे आक्रोश
-जांच करने पहुंचे अंचल कर्मचारी व पुलिस
तुरकौलिया। तुरकौलिया अंचल क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम के वार्ड संख्या 32 स्थित मजुराहां श्मशान घाट की जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीण इस संबंध में जिलाधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग किए है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि करीब तीन कट्ठा श्मशान घाट की जमीन पर भू-माफिया मिट्टी भराई कर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोप है कि जमीन के कुछ हिस्से की अवैध रूप से बिक्री भी कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों की मांग पर रविवार को रघुनाथपुर थाना पुलिस और अंचल कर्मी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
जांच के दौरान स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की और जमीन से संबंधित कागजात की जानकारी लिया गया। आवेदन देने वालों में रामू सिंह, मनोज सिंह, रामयश सिंह, विजय सिंह, उमेश सिंह, जमुना सिंह सहित दर्जनों ग्रामीणों के नाम शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट सार्वजनिक उपयोग की भूमि है, जिस पर किसी भी प्रकार का निजी कब्जा पूरी तरह गलत और गैरकानूनी है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

