वनस्पति माई महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओ की भीड़, सांसद- विधायक ने किया शुभारंभ
सुगौली। प्रखंड स्थित वनस्पति माई स्थान के समीप शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से आयोजित वनस्पति माई महोत्सव श्रद्धा,संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर सामने आया।
महोत्सव का शुभारंभ क्षेत्रीय सांसद सह भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ.संजय जायसवाल एवं स्थानीय विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सदर डीएसपी, एसडीओ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अपने संबोधन में सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने वनस्पति माई स्थान की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थल वर्षों से लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि वनस्पति माई महोत्सव का आयोजन इस क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दे रहा है। मां वनस्पति की कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में सुख, शांति तथा समृद्धि का संचार हो, यही उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि मां के आशीर्वाद से ही यह महोत्सव निरंतर आयोजित होता आ रहा है और आगे भी इसकी परंपरा कायम रहेगी।
विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने कहा कि वनस्पति माई की कृपा से ही हर शुभ कार्य की शुरुआत होती है। उन्होंने इस आयोजन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। स्थानीय मुखिया रेनू देवी ने अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, जिसमें स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली बच्चों ने गीत, नृत्य और आकर्षक झांकियों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने देर तक कार्यक्रम का आनंद लिया और कलाकारों का तालियों से उत्साहवर्धन किया। मंच संचालन निर्मल झा ने किया।

