प्रेम-प्रसंग में युवक ने नदी में लगाई छलांग, मौत
युवक का अगले दिन मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
सुगौली। प्रेम-प्रसंग से जुड़े एक दर्दनाक मामला सामने आया है। शुक्रवार देर शाम एक युवक ने सिकरहना पुल से अचानक नदी में छलांग लगा दी, नतीजतन वह गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को पुल से नदी में छलांग लगाते देख राहगीरों ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों को सूचना दी। हालांकि अंधेरा होने के कारण तत्काल उसकी तलाश नहीं हो सकी। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में एक शव उतराता देखा, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया।
थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान रामगढ़वा थाना क्षेत्र के मुडला वार्ड संख्या-06 निवासी उमेश साह के पुत्र उम्र लगभग 25 वर्षीय रुपेश कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

