मोतिहारी में ‘हाईटेक’ तरीके से नकल करते तीन गिरफ्तार,चप्पल में छिपाया डिवाइस, यूट्यूब से सीखी चीटिंग

मोतिहारी में ‘हाईटेक’ तरीके से नकल करते तीन गिरफ्तार,चप्पल में छिपाया डिवाइस, यूट्यूब से सीखी चीटिंग
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिले में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से आयोजित अधिनायक अनुदेशक भर्ती परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल करने के प्रयास का खुलासा हुआ है।उक्त खुलासा मोतिहारी स्थित एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हुई है। जहां जांच के दौरान एक अभ्यर्थी को चप्पल में छिपाए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ा गया।

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान पश्चिम चंपारण के नवलपुर थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव निवासी अविनाश कुमार के रूप में हुई है। जांच के दौरान उसकी चप्पल में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपा मिला।

जांच में सामने आया कि इसके जरिए परीक्षा के दौरान बाहर से उत्तर हासिल करने का प्रयास किया जा रहा था।
एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार, पूछताछ में अविनाश ने बताया कि उसने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल करने का तरीका यूट्यूब वीडियो देखकर सीखा था। उसने डिवाइस ऑनलाइन मंगाया था और परीक्षा में इस्तेमाल करने की तैयारी की थी।

पुलिस अब डिवाइस उपलब्ध कराने और नकल में मदद करने वालों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस के अनुसार, परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अविनाश ने डिवाइस लगी चप्पल को बाउंड्री के अंदर फेंक दिया था। इसके बाद वह नंगे पैर जांच कराकर परीक्षा केंद्र में दाखिल हुआ और बाद में चप्पल पहन ली।हालांकि अधिकारियो की तत्परता से उसका मंसूबा कामयाब नही हो सका।

उल्लेखनीय है,कि इस भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में भर में 12 केंद्र बनाए गए थे। कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। परीक्षा के दौरान सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर रहे थे। एलएनडी कॉलेज में संदिग्ध गतिविधि देखकर अभ्यर्थी की तलाशी ली गई, जिसके बाद मामला सामने आया।अविनाश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अभिनव कुमार और दीपक कुमार को भी गिरफ्तार किया। दोनों उसी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस उपलब्ध कराने, परीक्षा के दौरान उत्तर भेजने और नकल की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूरे नेटवर्क की जांच के साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page